जौनपुर , जून 27 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम फर्नीचर शोरूम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की दुकानों और मकानों तक आग फैलने से बच गई।।आग लगने के कारण शोरूम में रखा लाखों रुपये मूल्य का फर्नीचर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया, हालांकि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित