जौनपुर , अगस्त 4 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र में शादी की जिद को लेकर जहरीला पदार्थ खाने वाले प्रेमी युगल की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया है, जबकि युवक के परिजनों द्वारा बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार किए जाने का मामला सामने आया है।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि क्षेत्र के कुसियाबहार गांव निवासी संध्या (19) के घर सोमवार को सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के मझलीपट्टी गांव निवासी सूरज शादी का प्रस्ताव लेकर पहुंचा था। इस दौरान परिजनों के विरोध के बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया।

दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजनों ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में सोमवार शाम संध्या की मौत हो गई, जबकि वाराणसी रेफर किए गए सूरज ने देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

अस्पताल से सूचना मिलने पर सरपतहा पुलिस ने युवती के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, युवक के परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित