जौनपुर , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन ने गुरुवार को एक प्रस्ताव पारित कर जिले में कार्यरत प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय प्रथम विमल प्रकाश आर्य के न्यायालय का उनके स्थानांतरण होने तक बहिष्कार करने का फैसला लिया है।
सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष चंद्र यादव ने बताया कि जिले में कार्यरत प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय प्रथम विमल प्रकाश आर्य अधिवक्ताओं और वादकारियों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते हैं, अनाप-शनाप आदेश पारित करते हैं, जिससे उनके इस कार्य प्रणाली से क्षुब्ध होकर बार एसोसिएशन जौनपुर ने हाई कोर्ट इलाहाबाद के प्रशासनिक न्यायाधीश और मुख्य न्यायाधीश को इस संबंध में पत्र भेज कर अवगत भी कराया है, मगर दो-तीन महीने बीत जाने के बाद भी उनका स्थानांतरण न होने पर संघ के सदस्यों ने 16 जुलाई गुरुवार को एक प्रस्ताव पारित करते हुए यह निर्णय लिया है कि प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय प्रथम विमल प्रकाश आर्य के स्थानांतरण होने तक अधिवक्ता गण उनके न्यायालय का बहिष्कार करेंगे। कोई भी अधिवक्ता उनके न्यायालय में कार्य करने नहीं जाएगा, अगर कोई अधिवक्ता उनके अदालत में कार्य करने गया तो संघ उस अधिवक्ता के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित