जौनपुर , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के चौकी कला गांव में शुक्रवार सुबह एक किशोरी ने परीक्षा खराब होने के तनाव में ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। अधिकारी सूत्रों के अनुसार सुरेश जैसवार की 15 वर्षीय पुत्री गरिमा जैसवार आरडी मेमोरियल मॉडर्न कॉन्वेंट इंटरमीडिएट कॉलेज, जंघई की हाईस्कूल छात्रा थी। उसका परीक्षा केंद्र श्रीदेवी प्रसाद इंटर कॉलेज, पिलखिनी जंघई, प्रयागराज में पड़ा था। शुक्रवार सुबह वह करीब सात बजे साइकिल से सोशल साइंस की परीक्षा देने के लिए घर से निकली। बताया गया है कि जंघई फाटक के पूर्वी छोर पर साइकिल खड़ी कर उसने जौनपुर से प्रयागराज जा रही एक पैसेंजर ट्रेन के सामने छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही मीरगंज, जंघई और सरायममरेज थानों की पुलिस के साथ आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। शव जीआरपी क्षेत्र में मिलने के कारण जीआरपी ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार छात्रा हिंदी का प्रश्नपत्र ठीक न होने और तीन प्रश्न छूट जाने से तनाव में थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित