जौनपुर , अप्रैल 22 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में बक्शा थाना क्षेत्र के बभनौटी टिकरी गांव में मंगलवार की रात्रि साढ़े दस बजे पुरानी रजिंश को लेकर पड़ोसियों ने खूंटे में बांधकर लाठी डंडों से पीटकर 45 वर्षीय ब्यक्ति की हत्या कर दी, हालांकि मारपीट में दोनों पक्षों से करीब दस लोग घायल हुए है। पुलिस ने मृतक युवक के भाई की तहरीर पर सात नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार जिले में बक्शा थाना क्षेत्र के सरायहरखू गांव के बभनौटी गांव निवासी अशोक मिश्र उर्फ पुल्लूर (45) का अपने चाचा कमलाकांत मिश्र से लंबे समय से भूमि विवाद चला आ रहा है। विवाद के दौरान करीब 8-10 वर्ष पूर्व हुई मारपीट पश्चात अशोक अपने बड़े भाई मां व परिवार के साथ कलीचाबाद में मकान बनवाकर रह रहें थे। अशोक नईगंज में ही आयुर्वेद दवा की दुकान खोल रखे थें, जिन्हें लोग वैद्य के नाम से भी जानते थे।
बतातें है कि उनके चाचा के लड़के की शादी आगामी एक मई को पड़ी है उसी शादी में शामिल होने के लिए चाचा का परिवार मुंबई से घर आया हुआ था। अशोक अपने कुछ साथियों के साथ बाइक से मंगलवार की रात्रि में घर पहुँचा, कहतें है कि दोनों पक्षों में जमकर खूनी संघर्ष शुरू हो गया। चले लाठी डंडे में दोनों पक्षों से लोग घायल होने लगे। मौके की खराब स्थिति को देख अशोक के साथियो में एक को छोड़कर सभी भाग निकले।
उधर गुस्साए लोगो ने अशोक को खूंटे में जबकि नईगंज लाइनबाजार निवासी अंकित मिश्र को पेड़ से बांधकर जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर रात्रि में ही पहुँचे पुलिसकर्मियों ने एम्बुलेंस की मदद से घायल अशोक मिश्र, अंकित एवं विपक्षी सुनील मिश्र, मृदुल मिश्र, आनन्द मिश्र आदि को नौपेड़वा सीएचसी अस्पताल भिजवाया जहां इमरजेंसी में मौजूद डॉ. आलोक रघुवंशी ने सभी को जिला अस्पताल रैफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान रात्रि में ही अशोक की मौत हो गयी। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित