जौनपुर , मार्च 05 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के सलहदीपुर गांव में पत्नी के मायके से वापस न आने से आहत एक युवक ने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के छोटे भाई ने थाने में तहरीर देकर घटना के लिए अपनी भाभी को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस के अनुसार सलहदीपुर गांव निवासी शैलेन्द्र (25) का लगभग एक सप्ताह पहले अपनी पत्नी शीलम देवी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद नाराज होकर शीलम अपने मायके चली गई थी। बताया गया कि शैलेन्द्र उसे वापस लाने के लिए ससुराल भी गया था, लेकिन वह लौटने के लिए तैयार नहीं हुई।
परिजनों के मुताबिक होली के दिन शैलेन्द्र ने कई बार फोन कर पत्नी से घर लौटने की बात कही, लेकिन जब वह नहीं मानी तो उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। तीन भाइयों में दूसरे नंबर के शैलेन्द्र ने घर के सीमेंट शेड वाले कमरे में जाकर लोहे की पाइप में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली।
परिवार के लोग पहले समझ रहे थे कि वह रंग-अबीर से बचने के लिए कमरे में बंद हो गया है। काफी देर तक बाहर न आने पर जब दरवाजा खटखटाया गया और कोई जवाब नहीं मिला तो परिजनों को शक हुआ। रोशनदान से देखने पर शैलेन्द्र का शव फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। मृतक के छोटे भाई शनि ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित