जौनपुर , जुलाई 05 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में शाहगंज पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार के इनामी और लंबे समय से धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे वांछित आरोपी पूर्व प्रधानाचार्य हृदयनारायण मिश्र को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहगंज पुलिस ने आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र के सौदमा गांव स्थित आरोपी के घर पर दबिश देकर आज सुबह करीब 8:30 बजे उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान मानवाधिकार आयोग और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के सभी प्रावधानों का पालन किया गया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में तत्कालीन प्रधानाचार्य राजेश प्रसाद की तहरीर पर पूर्व प्रधानाचार्य हृदयनारायण मिश्र के विरुद्ध शाहगंज थाने में गबन, आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। विवेचना के दौरान आरोपी लगातार फरार रहा, जिसके चलते उसके विरुद्ध गैर-जमानती वारंट, उद्घोषणा (धारा 82) और बाद में धारा 174ए के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया।
लगातार फरार रहने के कारण आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आज शाहगंज पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित