जौनपुर , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में निजी विद्यालयों की मनमानी, फीस वृद्धि और शैक्षणिक सामग्री की अनिवार्य खरीद के विरोध में राष्ट्रवादी नौजवान सभा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष साजन शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली से आमजन पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। साथ ही विद्यालयों द्वारा किताबें, ड्रेस, जूते, बेल्ट, टाई आदि निर्धारित दुकानों से ही खरीदने के लिए अभिभावकों को बाध्य किया जाता है, जिससे उनका शोषण हो रहा है।
सभा ने मांग की कि सभी विद्यालयों में एनसीईआरटी की पुस्तकें निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएं तथा छात्रों को किसी विशेष स्थान से सामग्री खरीदने के लिए बाध्य न किया जाए। इसके अलावा मनमानी फीस पर रोक लगाने, ट्रांसपोर्ट शुल्क को नियंत्रित करने और एडमिशन फीस केवल एक बार ही लेने का प्रावधान लागू करने की मांग भी की गई।
इस मौके पर संजय सिंह, मोहित प्रजापति, अब्दुल्ला तिवारी, सोनू मौर्या, प्रशांत भारती, नितेश कुमार, प्रमोद कुमार, अनूप रंजन समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित