जौनपुर , अक्टूबर 14 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में एक ब्लड बैंक पर नाबालिगों का खून निकालकर कालाबाजारी करने का आरोप लगा है। इस मामले में कोतवाली थाने में ब्लड बैंक और खून निकलवाने वाले गिरोह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जौनपुर शहर के कई मोहल्लों में कई सालों से अवैध रूप से खून निकालने का काला कारोबार चल रहा था। गिरोह के लोग नाबालिग लड़कों को बहला-फुसलाकर चंद पैसों का लालच देकर उनका खून निकलवाते थे। आरोप है कि ब्लड बैंक बिना किसी जांच-पड़ताल के, दूसरे लोगों के आधार कार्ड का इस्तेमाल कर नाबालिगों का खून निकालकर अपने यहां जमा कर रहा था।

पुलिस ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में कई और लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित