जौनपुर , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात नशे में धुत होकर डांस कर रहे एक व्यक्ति की इमारत की तीसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गयी।

पुलिस ने बताया कि सिद्धीकपुर स्थित कांशीराम आवास कॉलोनी में रविवार देर रात एक हादसे में लगभग 50 वर्षीय व्यक्ति की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार जिले में कोतवाली क्षेत्र के उर्दू बाजार निवासी अशोक कुमार गौतम अपने एक रिश्तेदार के यहां कांशीराम आवास कॉलोनी आए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, उन्होंने शराब का सेवन किया था और नशे की हालत में तीसरी मंजिल पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल करंजाकला ब्लॉक स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर सरायख्वाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित