जौनपुर , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शुक्रवार देर रात बारात लेकर जा रहे एक दूल्हे की नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी आज़ाद बिंद (22) की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर (जमदहां) निवासी गोरखनाथ बिंद की पुत्री से तय थी। शुक्रवार को वह बारात लेकर निकला था। रात करीब साढ़े नौ बजे जब बारात बादशाही बाजार के पास पहुंची, तभी बाइक सवार दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने दूल्हे को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। उस समय आज़ाद वाहन में चालक के बगल वाली सीट पर बैठा था।

गोली चलने की आवाज से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी दुकानें बंद कर इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही खेतासराय थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल दूल्हे को तत्काल हबीब अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दोनों पक्षों में कोहराम मच गया और शादी का उत्सव शोक में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दुल्हन भी बार-बार बेहोश हो रही है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार बदमाशों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित