जौनपुर , मई 25 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के चर्चित दूल्हा हत्याकांड में शामिल एक लाख रुपये का इनामी बदमाश रवि यादव रविवार की रात पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक लाइन बाजार केके सिंह भी बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने सोमवार को बताया कि खेतासराय थाना क्षेत्र में एक मई की शाम बारात लेकर निकले दूल्हे आजाद बिंद की अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद दूल्हे के परिजनों ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।

उन्होंने बताया कि जिले के खेतासराय लाइन बाजार और एस ओ जी पुलिस टीम को बदमाशों के आने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस खेतासराय थाना क्षेत्र में गोरारी मोड़ के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध बदमाश दिखाई पड़े। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश रवि यादव पुत्र कमलेश यादव निवासी सोंधी थाना खेतासराय को गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस दूसरे फरार बदमाश की तलाश में कॉम्बिंग अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड में दो और वांछित प्रदीप बिंद और भोलू राजभर फरार चल रहे हैं उन पर भी एक-एक लाख रुपये का ईनाम घोषित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित