जौनपुर , अक्टूबर 19 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में दशहरा पर्व और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शहर में भीड़ और जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। सद्भावना पुल पर प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध और ऑटो, टोटो तथा चार पहिया वाहनों का रूट डायवर्जन किया जाएगा।

यातायात पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर की रात 12 बजे तक सभी नो-एंट्री प्वाइंटों पर प्रतिबंध लागू रहेगा। इसके बाद 20 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से 21 अक्टूबर की रात 11 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, गैस, डीजल, पेट्रोल और चिकित्सा संबंधी आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को छूट दी गई है। शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पचहटिया तिराहा, प्रसाद तिराहा, पकड़ी हाईवे अंडरपास, अलीगंज हाईवे तिराहा, जगदीशपुर चौराहा, चांदपुर हाईवे अंडरपास और कुत्तुपुर तिराहा से प्रतिबंधित रहेगा। यह व्यवस्था 20 अक्टूबर सुबह आठ बजे से 21 अक्टूबर रात 11 बजे तक प्रभावी रहेगी।

यातायात पुलिस ने 20 अक्टूबर को दोपहर दो बजे से 21 अक्टूबर रात 11 बजे तक ऑटो, टोटो और चार पहिया वाहनों के आवागमन में बदलाव किया है। इस दौरान कुत्तुपुर तिराहा, विशेषरपुर चौराहा, सिपाह तिराहा (पुलिस चौकी से मानिक चौक मार्ग), जोगियापुर नीचे (प्रेमगढ़ा), जेसिस चौराहा, वाजिदपुर तिराहा, पॉलिटेक्निक चौराहा, बदलापुर पड़ाव, मछलीशहर पड़ाव, शाहगंज पड़ाव, अटाला मस्जिद तिराहा और सुतरहट्टी तिराहा से डायवर्जन लागू रहेगा।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जारी इस व्यवस्था का उद्देश्य दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के साथ शहर को जाम मुक्त और दुर्घटना रहित बनाए रखना है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित समय में जारी प्रतिबंधों और डायवर्जन का पालन करें तथा यात्रा पर निकलने से पहले अपने मार्ग की जानकारी अवश्य कर लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित