जौनपुर , अक्टूबर 20 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में रामपुर थाना क्षेत्र के जमालापुर बाजार में दुर्गा पूजा के दौरान सोमवार की रात एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से हार्ट अटैक से मौत हो गयी। लाउडस्पीकर बंद करने को लेकर विवाद हुआ था।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जमालापुर पट्टी निवासी रवि सिंह उर्फ टोनी (35) नवज्योति संस्था के प्रबंधक थे। नवरात्र के अवसर पर संस्था की ओर से दुर्गा प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। महानवमी के दिन बाजार में मेले के साथ लाउडस्पीकर प्रतियोगिता, झांकी और चौकी का प्रदर्शन भी हो रहा था। बताया जाता है कि जमालापुर बाजार में दो संस्थाओं की ओर से दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। दोनों तरफ लाउडस्पीकर बजने के कारण प्रतियोगिता जैसा माहौल बना हुआ था, सोमवार को देर रात करीब 12 बजे पुलिस ने रवि सिंह उर्फ टोनी से लाउडस्पीकर बंद कराने को कहा, इसके बाद उन्होंने अपना लाउडस्पीकर बंद करा दिया और दूसरी तरफ भी आवाज बंद करने की बात कही।
इसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी, विवाद बढ़ने पर हाथापाई तक की नौबत आ गई। इसके कुछ देर बाद रवि सिंह अपनी संस्था के परिसर में पहुंचे, जहां अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, उन्हें हार्ट अटैक आ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। युवक की अचानक मौत से परिजनों और परिचितों में शोक व्याप्त हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित