जौनपुर , जुलाई 11 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में जौनपुर-भदोही राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की देर रात एक बेकाबू ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी मिनी ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन एक मकान में जा घुसा और उसकी चपेट में आने से घर के बाहर चारपाई पर सो रहे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार क्षेत्र के मई गांव के पास शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे जौनपुर से भदोही की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़ी टाटा 1109 में पीछे से टकरा गया। टक्कर के बाद टाटा 1109 आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। उस समय मकान के बाहर चारपाई पर सो रहे दो सगे भाई वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में 17 वर्षीय सूरज गुप्ता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका 15 वर्षीय भाई राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दूसरी चारपाई पर सो रही मंजू देवी भी हादसे में घायल हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित