जौनपुर , अक्टूबर 31 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शनिवार को जिला कारागार का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

जिला जेल अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी की उपस्थिति में किए गए निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की विभिन्न बैरकों, भोजनालय, चिकित्सालय, मुलाकाती कक्ष और सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने जेल परिसर के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भी जायजा लेते हुए सुरक्षा इंतजामों की स्थिति परखी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने जेल में निरुद्ध बंदियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने बंदियों से उनके स्वास्थ्य, भोजन की गुणवत्ता और उपलब्ध कराई जा रही अन्य मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही उनकी समस्याओं को सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कारागार के अभिलेखों, सुरक्षा उपकरणों और साफ-सफाई की व्यवस्था का भी अवलोकन किया। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी व्यवस्था की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ रखा जाए। नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के साथ ही बंदियों को शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित