जौनपुर , अगस्त 23 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में केराकत थाना क्षेत्र के धरौरा गांव में रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार धरौरा गांव निवासी शिवलोचन यादव (65) आज सुबह करीब आठ बजे शौच के लिए घर के सामने स्थित रेलवे लाइन की पटरी पार कर रहे थे। इसी दौरान आनंद विहार से गाजीपुर सिटी जा रही सुहेलदेव एक्सप्रेस पोल संख्या 34/28 के पास पहुंच गई। जब तक शिवलोचन कुछ समझ पाते, वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि शिवलोचन यादव के इकलौते पुत्र सतीश यादव हैदराबाद में रहकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित