जौनपुर , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सतहरिया के पास सोमवार की सुबह प्रयागराज मार्ग पर तेज रफ़्तार ट्रक की टक्कर से ऑटो रिक्शा खाई में पलट गया जिससे उसमें सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सतारिया के पास यह हादसा उस समय हुआ जब मछली शहर से मुंगरा बादशाहपुर की तरफ जा रहे ऑटो रिक्शा को जौनपुर की तरफ आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। आमने-सामने हुई टक्कर में ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में पलट गया, जिससे उसमें सवार प्रमोद मिश्रा (52) ग्राम सुहासा थाना मुंगरा बादशाहपुर होमगार्ड, शिव शंकर मिश्रा (50) निवासी धौरहरा थाना मुंगरा बादशाहपुर और बरसाती (35) निवासी गंगापुर थाना मछली शहर की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही मुंगरा बादशाहपुर के थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे तत्काल मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को अस्पताल भिजवाया । मृतकों में होमगार्ड प्रमोट कुमार मिश्र मुंगरा बादशाहपुर थाने पर ही ड्यूटी करता था वह ड्यूटी करने के लिए जा रहा था इस समय यह घटना हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित