जौनपुर , सितम्बर 29 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जिला न्यायाधीश सुशील कुमार शशि ,जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मंगलवार को संयुक्त रूप से जिला कारागार का त्रैमासिक निरीक्षण किया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के दौरान कारागार की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला कारागार की विभिन्न बैरकों का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित वस्तु बरामद नहीं हुई। अधिकारियों द्वारा कारागार की पाकशाला का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था की जानकारी ली गई, इसके साथ ही जेल अस्पताल का निरीक्षण करते हुए भर्ती बंदियों से उनके स्वास्थ्य एवं उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
जिला न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी ने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं तथा कारागार में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बंदियों की समस्याओं का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जनपद न्यायाधीश ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों को विधिक सहायता उपलब्ध कराने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा न्यायालयों में लंबित प्रकरणों से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। बैरकों एवं कारागार परिसर की समय-समय पर सघन तलाशी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कारागार परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा बंदियों को नियमानुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्वेता यादव,जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल , उपायुक्त उद्योग और सेवायोजन अधिकारी सहित कारागार प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित