जौनपुर , अक्टूबर 09 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में केराकत थाना क्षेत्र के सरौनी पूरबपट्टी गांव में शुक्रवार को जमीन के विवाद में एक अधेड़ को लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी को बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले में केराकत थाना क्षेत्र के निवासी घायल समर बहादुर मौर्य (55) के पुत्र अर्जुन मौर्या ने डायल 112 पर सूचना दी कि गांव के ही कन्हैया लाल मौर्या उर्फ लुल्ली, पुत्र लाल बहादुर मौर्या, ने जमीन के विवाद को लेकर उनके पिता को गोली मार दी है। समर बहादुर के जंग में लगी हुई है और वह घायल हो गए हैं सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई। घायल समर बहादुर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) केराकत ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया।

घटना के पीछे जमीन का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और पुलिस ने आरोपी कन्हैयालाल मौर्या को बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित