जौनपुर , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम वाहन चेकिंग के दौरान नकाबपोश बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। हमले में प्रभारी निरीक्षक सहित पूरी पुलिस टीम बाल-बाल बच गई, जबकि तीनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार थाना प्रभारी विनोद कुमार अपनी टीम के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काली स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर बदमाशों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। जब पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने पुलिस पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते हुए आरोपियों का पीछा जारी रखा, लेकिन तीनों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित