जौनपुर , जून 29 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में जफराबाद थाना क्षेत्र के धनेजा गाँव में सोमवार को चार वर्षीय बच्ची का खून से लथपथ शव झाड़ी में मिला। परिजनों ने रेप के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जफराबाद थाना क्षेत्र एक गांव की महिला अपनी चार वर्षीय बेटी को लेकर अपनी रिश्तेदारी धनेजा गांव में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आयी थी। बच्ची कल रहस्यमय तरीके से लापता हो गयी। पहले परिवार वाले खुद काफी खोजने का प्रयास किया। इसके बाद भी कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस मौके पर पहुंचकर घर घर तलाश किया, सोमवार की सुबह सरपत के झुरमुट में उसका शव मिला। शव मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश पैदा हो गया और काफी लोग इकट्ठा हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह भारी संख्या में पुलिस बल के साथ खुद मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का प्रतीत हो रहा है। आगे की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना का अनावरण करने के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। शीघ्र ही इस घटना में शामिल लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित