जौनपुर , जून 03 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मड़ियाहूं रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह चलती ट्रेन पकड़ने के प्रयास में एक युवक की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह करीब सात बजे जौनपुर से प्रयागराज जाने वाली पैसेंजर ट्रेन संख्या 541010 स्टेशन से रवाना हो चुकी थी। इसी दौरान एक युवक दौड़ते हुए ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगा, ट्रेन पर चढ़ते समय अचानक उसका हाथ फिसल गया जिससे वह प्लेटफार्म पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्टेशन अधीक्षक राममूर्ति यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं भेजा गया जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आशीष (32) पुत्र साहब लाल निवासी खेतापुर थाना नेवढ़िया के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों के अनुसार आशीष की शादी नवंबर 2025 में हुई थी। उसकी पत्नी प्रयागराज में रहती है। बुधवार को वह पत्नी को परीक्षा दिलाने के लिए प्रयागराज जा रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित