जौनपुर , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पवित्र श्रावण मास के तीसरे सोमवार के अवसर पर हल्की बरसात होने के बावजूद ऐतिहासिक शिव मंदिर त्रिलोचन महादेव, दियावानाथ महादेव, गौरीशंकर धाम सुजानगंज सहित सभी शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।

हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के उद्घोष के बीच श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। सभी शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही, श्रद्धालुओं ने शिवालयों में गंगाजल, दूध, दही से जलाभिषेक कर बेर, बेलपत्र, चावल व पुष्प से भगवान शिव की पूजा की।

शिव मंदिर त्रिलोचन महादेव, धर्मापुर स्थित प्राचीन शिव मंदिर, दियावा नाथ महादेव ,करसूल नाथ मंदिर, सांईनाथ महादेव मंदिर, गौरीशंकर धाम सुजानगंज, गोमतेश्वर महादेव केराकत, पतलनाथ महादेव मेंजा सहित सभी शिवालयों में भक्तों की भीड़ रही। तीसरे सोमवार को देखते हुए शिव मंदिरों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। व्यवस्था को बनाये रखने के लिये मंदिर प्रशासन के साथ स्थानीय प्रशासन ने पुख्ता बंदोबस्त किये हुये थे।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह भारी संख्या में पुलिस बल के साथ त्रिलोचन महादेव और सुजानगंज में स्थित गौरीशंकर मंदिर पर जाकर निरीक्षण किया और भगवान शिव की पूजा अर्चना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी दर्शनार्थी को कोई असुविधा न होने पाए। पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव त्रिलोचन नाथ महादेव मंदिर पर सरकारी निरीक्षण करने के पश्चात जिले के अन्य प्रमुख मंदिरों का भी निरीक्षण करने गए हुए हैं वहीं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह गौरी शंकर मंदिर सुजानगंज के साथ ही दियावानाथ मंदिर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया।

इसी क्रम में नगर के शास्त्रीनगर परमानतपुर स्थित माँ शारदा शक्तिपीठ (मैहर देवी मंदिर) प्रांगण में विराजमान प्राचीनतम् शिवलिंग पर भक्तों ने दूध एवं जलाभिषेक किया। मंदिर के पुजारियों ने कहा कि इस बार सावन में चार सोमवार होने से अत्यंत शुभ है, जिसमें भगवान शिव की महिमा भक्तों पर जरूर रहेगी। भक्तों को भगवान शिव की अराधना बड़े ही आस्था पूर्वक करना चाहिये।

शम्भूगंज स्थित साईंनाथ महादेव मंदिर में तीसरे सोमवार को भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया और शिव भक्तों ने सुबह से ही शिवलिंग पर जलाभिषेक कर विधि विधान से पूजन किया। वहीं मंदिर परिसर में स्थापित श्रीराम जानकी मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने पूजन अर्चन किया। सावन के दूसरे सोमवार पर जिले में कई स्थानों पर कांवरियों द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक किया गया, इसके साथ ही जिले के कई मंदिरों पर प्रसाद वितरण के रूप में भंडारा का भी आयोजन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित