जौनपुर , जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत सामाजिक वानिकी प्रभाग, जौनपुर द्वारा 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत जनपद करंज कला ब्लॉक के कॉपर पुर गांव में एक पेड़ मां के नाम लगाकर वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ का शुभारंभ किया, जिले में 60 लाख 73 हजार 400 लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इन अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण का अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है। इस वर्ष उत्तर प्रदेश में 35 करोड़ तथा जनपद जौनपुर में 60,73,400 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भी है। वर्तमान समय की आवश्यकता अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें सुरक्षित एवं संरक्षित रखने की है, ताकि पर्यावरण संतुलित रहे और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान पौधों के प्रति भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक है। माँ और संतान का रिश्ता अटूट होता है, इसलिए अपनी माँ के नाम पर लगाया गया पौधा भी उसी आत्मीयता से संरक्षित किया जाएगा।

उन्होंने सभी से संकल्प लेने का आह्वान किया कि लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर भी हैं। उन्होंने अधिकाधिक पीपल, बरगद एवं फलदार वृक्षों के रोपण पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के निरंतर प्रयासों से उत्तर प्रदेश हरित विकास की दिशा में लगातार अग्रसर है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा एवं देखभाल सुनिश्चित की जाए, ताकि आज लगाए गए पौधे भविष्य में हरे-भरे वृक्ष बनकर जनपद की हरियाली को समृद्ध करें।

विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंशू ने कहा कि 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान से जुड़ने पर वृक्षारोपण का महत्व और बढ़ जाता है। माँ के नाम से पौधा लगाने से उसके प्रति वात्सल्य और अपनत्व का भाव विकसित होता है, जिससे उसके संरक्षण की भावना भी प्रबल होती है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के आह्वान पर पूरा प्रदेश इस अभियान से जुड़ा है। आज ग्राम काफरपुर में जिस स्थान पर पौधरोपण किया गया है, आने वाले वर्षों में वही स्थान घने एवं हरे-भरे वन के रूप में विकसित हो, यही हम सभी का लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक परिवार के प्रत्येक सदस्य से कम से कम एक पौधा अपनी माँ के नाम लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया तथा कहा कि वृक्षारोपण अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि जनपद जौनपुर में इस वर्ष 60,73,400 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्य कार्यक्रम स्थल पर आज 1001 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों का समुचित संरक्षण सुनिश्चित किया जाए। अब हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी आज लगाए गए पौधों को जीवित रखना है। इसके लिए पौधों की नियमित सिंचाई, फेंसिंग, सुरक्षा एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिकतम पौधे जीवित रह सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग समयबद्ध रूप से कराई जाए तथा सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें, जिससे जनपद की हरियाली निरंतर बढ़े।

कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। तत्पश्चात माननीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चंद्र यादव एवं विधान परिषद सदस्य श्री बृजेश सिंह 'प्रिंशु' द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। दीप प्रज्ज्वलन से पूर्व माननीय राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, एमएलसी बृजेश सिंह 'प्रिंशु', जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत विधिवत पूजन-अर्चन के उपरांत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण का संदेश दिया गया।

इसके उपरांत राज्यमंत्री, एमएलसी एवं जिलाधिकारी द्वारा कृषि विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यान विभाग, वन विभाग तथा अन्य विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की तथा उपस्थित आमजन एनसीसी के वॉलिंटियर्स सहित अन्य उपस्थित जनों को पौधों का वितरण कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित