जौनपुर , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर के जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने पीईटी की परीक्षा, वज्रपात और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए जिले में 30 अक्टूबर को कक्षा एक से 12 तक के सभी विद्यालयों में शिक्षण कार्य बंद रखने का आदेश जारी किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह निर्णय मौसम विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक केंद्र की एडवाइजरी और जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में लिया गया है।
आदेश के तहत जनपद के नर्सरी से कक्षा आठ तक के समस्त परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, स्ववित्तपोषित मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालयों में 30 अक्टूबर को पढ़ाई नहीं होगी, हालांकि, परिषदीय विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अन्य कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर विभागीय एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधकों व प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित