जौनपुर , जुलाई 08 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देश पर आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले में 150 से अधिक शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। सभी थानों से संबंधित लाइसेंस धारकों का सत्यापन कराया जा रहा है तथा सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सत्यापन पूरा होने के बाद संबंधित लाइसेंस धारकों को नोटिस जारी कर उनका पक्ष सुना जाएगा। नियमानुसार सुनवाई के उपरांत जिन लोगों के विरुद्ध आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के पर्याप्त आधार पाए जाएंगे, उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत भविष्य में भी ऐसे मामलों की लगातार समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले में कुछ ऐसे लोग हैं जो शस्त्र लाइसेंस बनवाने के पश्चात आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गए हैं, ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है और शीघ्र ही थानावार उनकी सूची बनाकर उन्हें नोटिस देकर उनको सुनने के पश्चात उनके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित