जौनपुर , अक्टूबर 13 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पुलिस ने मोबाइल हैक कर करोड़ो रुपये की साइबर फ्राड करने वाले अन्तर्राजीय संगठित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर साइबर फ्राड का करीब एक करोड 55 लाख रुपया विभिन्न खातों मे होल्ड कराया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर ने मंगलवार को बताया कि सहायक पुलिस अधीक्षक एवं सीओ सिटी सम्यक चौधरी के नेतृत्व में जिले की साइबर क्राइम पुलिस ने मोबाइल और व्हाट्सएप हैक कर साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय संगठित गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक चेकबुक बरामद हुई है। वहीं, साइबर ठगी से जुड़ी करीब 1 करोड़ 55 लाख रुपये की धनराशि विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराई गई है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित पेट्रोल पंप मालिक के मैनेजर का व्हाट्सएप हैक कर चैटिंग के जरिए कुल 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई थी।
पुलिस के अनुसार पिछली आठ अक्टूबर को साइबर क्राइम थाने में 75 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की शिकायत मिली थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में साइबर क्राइम, सर्विलांस और स्वाट टीमों को जांच में लगाया गया। तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न साइबर पोर्टलों पर की गई जांच के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों विनोद कुमार मिश्रा , लवकेश कुमार सिंह और कमल यादव को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि तीनों के विरुद्ध देश के कई प्रांतों में साइबर ठगी के मुकदमे दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित