जौनपुर , सितंबर 20 -- उत्तरप्रदेश में जौनपुर जिले के सुरेरी थाना परिसर में तैनात 2025 बैच के सिपाही अभिषेक सिंह ने रविवार को कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मृतक सिपाही अभिषेक सिंह (24) पुत्र धर्मेंद्र सिंह, निवासी ग्राम महुआपार, जनपद गोरखपुर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह सुरेरी थाना पहुंचे। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।
सिपाही ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित