जौनपुर , अक्टूबर 31 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर संगठनात्मक स्तर पर सोशल मीडिया टीम का विस्तार किया है। पार्टी की ओर से जारी नई नियुक्ति सूची में जौनपुर के रोहित उपाध्याय को उत्तर प्रदेश की सोशल मीडिया टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा के राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक दीपक महरके की ओर से 29 अक्टूबर को जारी नियुक्ति सूची के अनुसार उत्तर प्रदेश में पंकज शुक्ला को प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, रोहित उपाध्याय के साथ हिरेन्द्र कौशिक, मितुल कोठारी, पुनीत अग्रवाल, मनीष पांडेय और कावन मेहता को टीम में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के लिए भी सोशल मीडिया प्रभारियों एवं पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया है। पार्टी की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा का यह कदम डिजिटल प्रचार-प्रसार, संगठनात्मक समन्वय और सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित