जौनपुर , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर के जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने होली के पावन पर्व तथा पवित्र रमजान माह के अवसर पर जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। जिलाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि होली रंगों, उमंग और आपसी भाईचारे का प्रतीक पर्व है, जिसे प्रेम, सद्भाव और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि होली बसंत ऋतु का महत्वपूर्ण पर्व है और राग-रंग का यह उत्सव जीवन में उल्लास, सौहार्द और समरसता का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सामुदायिक समरसता का भी प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करता है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि होली और रमजान के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। डीजे या ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप करने को कहा गया है।

उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को सुरक्षित ढंग से होली खेलने के लिए प्रेरित करें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित