जौनपुर , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के जंघई रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह बम होने की सूचना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और सूचना फर्जी पाई गई।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर स्टेशन पर रखे एक ट्रॉली बैग में बम होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस और जीआरपी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर पूरे स्टेशन परिसर की गहन तलाशी ली। तलाशी अभियान के दौरान संदिग्ध बताए गए ट्रॉली बैग की भी बारीकी से जांच की गई, लेकिन उसमें कोई विस्फोटक अथवा अन्य संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने बम होने की सूचना को महज अफवाह करार दिया।
पुलिस ने बताया कि जिस मोबाइल नंबर से सूचना दी गई थी, वह फिलहाल स्विच ऑफ है। पुलिस कॉल करने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित