जौनपुर , अगस्त 07 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में अब प्रत्येक ग्राम पंचायत के मुख्य प्रवेश द्वार पर ग्राम सूचना बोर्ड लगाया जाएगा, जिस पर गांव की प्रमुख जानकारी और विकास कार्यों का ब्योरा दर्ज होगा। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने शुक्रवार को विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिलाधिकारी के कैम्प कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि ग्राम सूचना बोर्ड के माध्यम से ग्रामीणों और गांव में आने वाले लोगों को आवश्यक जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी। बोर्ड पर ग्राम पंचायत की जनसंख्या, मतदाताओं की संख्या, ग्राम प्रधान का नाम, भू-जल की स्थिति, प्रमुख उपलब्धियां और विलेज सिटीजन चार्टर अंकित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एमडीएम शेड, अमृत सरोवर, तालाब, आंगनबाड़ी केंद्र और अन्नपूर्णा भवनों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने मनरेगा के तहत सक्रिय जॉब कार्ड धारकों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने, ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से मास्टर रोल जारी करने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों के आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया।
श्री पाल ने अमृत सरोवरों को मॉडल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अमृत सरोवरों के आसपास ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक, ट्री गार्ड और लाइटिंग समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी नए सरकारी भवनों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए फ्लैग पोल स्थापित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों का डिजिटल डॉक्यूमेंटेशन अनिवार्य करने तथा प्रत्येक विकास कार्य की डिजिटल डायरी तैयार करने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित