जौनपुर , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के सिरकोनी विकासखंड की ग्राम पंचायत नाथूपुर की ग्राम प्रधान सुचिता सिंह को एक बार फिर नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में सम्मानित किए जाने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह एकदिवसीय सम्मेलन 11 मार्च को पंचायती राज मंत्रालय द्वारा निर्वाचित महिला पंचायत प्रतिनिधियों के लिए आयोजित किया जाएगा। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सुचिता सिंह स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं और उनका पहले कोई राजनीतिक अनुभव नहीं था। उनकी सास दुर्गावती देवी ग्राम प्रधान चुनी गई थीं, लेकिन कार्यकाल के दौरान उनके निधन के बाद ग्राम पंचायत में उपचुनाव हुआ। उस समय ग्रामीणों ने भरोसा जताते हुए सुचिता सिंह को ग्राम प्रधान चुन लिया।
ग्राम प्रधान बनने के बाद उन्होंने गांव में सड़क, स्वच्छता, विकास कार्यों और जनसुविधाओं को लेकर कई पहल कीं, जिससे ग्राम पंचायत नाथूपुर में उल्लेखनीय विकास कार्य हुए। उनके कार्यों से प्रभावित होकर उन्हें पहले भी नई दिल्ली में सम्मानित किया जा चुका है। अब एक बार फिर उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्तर के इस सम्मेलन में सम्मानित करने के लिए बुलाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित