जौनपुर , अक्टूबर 29 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार विवाहिता ने बताया कि 30 दिसंबर 2024 को उसका पति उसे सऊदी अरब ले गया था। वहां चार पहिया वाहन की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट की गई। घटना के समय वह तीन माह की गर्भवती थी और मारपीट के दौरान पेट में चोट लगने से उसके गर्भस्थ शिशु की मौत हो गई। पीड़िता के अनुसार, करीब दो माह 15 दिन बाद उसे भारत वापस भेज दिया गया।
महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने फोन पर तीन बार तलाक कहा। इसके अलावा ससुराल पक्ष के लोगों पर मारपीट करने और गला दबाकर हत्या का प्रयास करने की शिकायत की है। पीड़िता ने पति के मामा पर भी कथित साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि दोबारा ससुराल आने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस अभिलेख के अनुसार जिले के शाहगंज कोतवाली में 27 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 85, 115(2), 351(3) और 89 के साथ दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं 3 व 4 तथा मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों की सुरक्षा) अधिनियम, 2019 की धाराओं 3 व 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में पति समेत नौ लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित