उज्जैन , सितंबर 20 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को कहा कि हमारे हाथ में न तो जन्म लेना है और न ही शरीर छोड़ना। जीवन में जो भी कार्य हम करते हैं, वह ईश्वर की इच्छा से होता है। उन्होंने कहा कि सभी को मिले समय में सत्कर्म करते हुए संसार में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहिए तथा प्रत्येक प्राणी के प्रति दया और करुणा का भाव रखना चाहिए।
डॉ. यादव उज्जैन के माधवनगर क्षेत्र में कंट्रोल रूम के सामने स्थित श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक तपागच्छ श्रीसंघ एवं उपाश्रय ट्रस्ट के नवीन उपाश्रय भवन के भूमि-पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर के विचार मानव जीवन को त्याग, संयम, अहिंसा और करुणा का मार्ग दिखाते हैं। समाज में परस्पर प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने समाजजनों को नवीन उपाश्रय भवन के निर्माण के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में समाज और व्यवस्था दोनों आवश्यक हैं। जीवन चक्र में रिश्ते-नातों की भी एक निर्धारित अवधि होती है। हमें जो समय मिला है, उसमें सभी को सत्कर्म करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी जीव एक साथ आनंदपूर्वक रहें और प्रत्येक प्राणी के प्रति दया एवं करुणा का भाव रखें।
मुख्यमंत्री ने श्री जैन श्वेताम्बर मंदिर में भगवान श्री शीतलनाथ स्वामी के दर्शन एवं विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके बाद उपस्थित समाजजनों के साथ नवीन उपाश्रय भवन के निर्माण के लिए भूमि-पूजन किया। समाजजनों ने नवीन भवन के निर्माण और उससे जुड़ी योजनाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
नवीन उपाश्रय भवन में 'तीन धाम, एक मुकाम' की अवधारणा के तहत मणिभद्र भगवान के मंदिर का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही ई-लायब्रेरी भवन का भी निर्माण प्रस्तावित है। नवीन उपाश्रय भवन के माध्यम से धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए समाजजनों को सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्वेताम्बर जैन समाज के सदस्य उपस्थित रहे। समाजजनों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष संजय नाहर ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर उन्हें प्रतीक चिह्न भेंट किया।
भूमि-पूजन कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति कलावती यादव, मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष ओम जैन, सिंहस्थ प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित श्वेताम्बर जैन समाज के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित