मैड्रिड , मई 18 -- जोस मोरिन्हो के फुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड के दोबारा कोच बनने की अटकलें तेज हो गई हैं। उन्होंने खुद माना है कि स्पेन के इस क्लब ने उनके प्रतिनिधि जॉर्ज मेंडेस से बातचीत की है।
जब पत्रकारों ने श्री मोरिन्हो से पूछा कि क्या वह साल 2010 से 2013 तक जिम्मेदारी संभालने के बाद एक बार फिर रियल मैड्रिड का रुख करेंगे, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में पक्के तौर पर कुछ नहीं पता है। फिलहाल उनके पास केवल बेनफिका क्लब का ही एक प्रस्ताव आया है, जिसे उन्होंने अभी खुद तो नहीं देखा है लेकिन उनके प्रतिनिधि मेंडेस के मुताबिक वह काफी बेहतर है।
इस 63 वर्षीय प्रशिक्षक ने साफ किया कि उन्होंने रियल मैड्रिड के अध्यक्ष फ्लोरेंटिनो पेरेज़ या क्लब के किसी भी अन्य अधिकारी से सीधे तौर पर कोई बातचीत नहीं की है। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि वह परिस्थितियों से अनजान नहीं हैं और क्लब तथा उनके प्रतिनिधि के बीच बातचीत चल रही है। उन्हें पूरी उम्मीद है कि अगले हफ्ते तक क्लब के लोग उनसे भी सीधा संपर्क साधेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित