बेरूत , सितंबर 12 -- लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने दक्षिणी लेबनान का औचक दौरा करते हुए क्षेत्र से इजरायली सेना की वापसी सुनिश्चित करने और इलाके के पुनर्निर्माण की निगरानी करने का संकल्प लिया।
आधिकारिक लेबनानी मीडिया के अनुसार श्री औन वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों के साथ बिना किसी पूर्व घोषणा के नबातियेह शहर पहुंचे। उनके साथ सेना के कमांडर जनरल रोडोल्फ हायकल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी थे।
यह दौरा अमेरिका के एक वरिष्ठ राजनयिक अधिकारी के यह कहने के एक दिन बाद हुआ कि इजरायल और लेबनान के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में होने वाली वार्ता का नया दौर अब अक्टूबर तक स्थगित कर दिया गया है। यह वार्ता अगले सप्ताह निर्धारित थी।
लेबनानी मीडिया के अनुसार श्री औन ने नबातियेह में उन स्थानीय निवासियों से मुलाकात की, जो उनके स्वागत और उनके प्रति एकजुटता जताने के लिए एकत्र हुए थे। उन्होंने नबातियेह सरकारी अस्पताल के कर्मचारियों की भी सराहना की और कहा कि वे उस क्षेत्र में चिकित्सा सेवाएं जारी रखने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, जहां से बड़ी संख्या में लोग पलायन कर चुके हैं।
मार्च में हिजबुल्लाह द्वारा अपने सहयोगी ईरान के समर्थन में इजरायल पर हमला किये जाने के बाद दक्षिणी लेबनान में इजरायल ने हवाई और जमीनी अभियान शुरू किया था। इसके बाद औन की दक्षिणी लेबनान की यह पहली यात्रा है।
राष्ट्रपति कार्यालय के एक बयान के अनुसार,श्री औन ने कहा, "हम आपके साथ खड़े हैं और हम यह देख रहे हैं कि सभी आवश्यक सेवाएं किस तरह उपलब्ध करायी जाएं, ताकि आप यहां सुरक्षित रूप से रह सकें।"उन्होंने कहा, "इजरायल की वापसी, कैदियों और विस्थापित लोगों की वापसी तथा पुनर्निर्माण ऐसे राष्ट्रीय संकल्प हैं, जिन्हें लागू करने के लिए राज्य प्रतिबद्ध है।"नबातियेह का दौरा करने के बाद श्री औन जावतर अल-घरबिया पहुंचे, जो इजरायल के साथ सहमति से तय किये गये पायलट वापसी क्षेत्रों में से एक है।
राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, उन्होंने वहां लेबनानी सेना की इकाइयों का निरीक्षण किया और पास में इजरायली सेना के कब्जे वाले ठिकानों को देखा। राष्ट्रपति कार्यालय द्वारा जारी वीडियो में श्री औन को क्षेत्र में घूमते हुए तथा स्थानीय निवासियों और सैनिकों से बातचीत करते हुए दिखाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित