जोशीमठ , जून, 28 -- उत्तराखंड में राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को सीमांत जोशीमठ क्षेत्र में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की दो बूंद पिलाई गई। अभियान के पहले दिन नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक अपने नौनिहालों को पोलियो बूथों तक पहुंचाकर उन्हें पोलियो से सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।

जनपद चमोली में अभियान के तहत कुल 616 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्चों को पोलियो की खुराक पिला रही है। जोशीमठ क्षेत्र में सरकारी विद्यालयों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महिला जिला अस्पताल सहित विभिन्न चिन्हित स्थानों पर पोलियो बूथ बनाए गए हैं।

ब्लॉक आशा समन्वयक अनीता पंवार ने बताया कि अभियान के पहले दिन क्षेत्र में अभिभावकों और स्थानीय लोगों का उत्साहजनक सहयोग देखने को मिला। उन्होंने कहा कि जन्म से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलानी चाहिए, ताकि उन्हें इस गंभीर और अपंगता पैदा करने वाली बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित