बारां , अक्टूबर 21 -- राजस्थान के बारां में बुधवार को पंचायती राज चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर नियुक्त किए गए क्षेत्रीय जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण देते हुए उनके कर्तव्य और दायित्व समझाए गए।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मेलखेड़ी स्थित सिटी टाउन हॉल में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षण देते हुए कहा गया कि वे किसी भी विपरीत परिस्थिति को नियंत्रित करने के लिए सबसे उपयुक्त माध्यम होते हैं। ऐसे में निर्वाचन अवधि के दौरान लगातार मौके पर भ्रमण करते हुए स्थिति पर कड़ी निगरानी बनाए रखें। साथ ही स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव के साथ कानून व्यवस्था के लिहाज से आमजन के बीच पहुंचकर जानकारी लें।

प्रशिक्षण शिविर में चुनाव के दौरान मदिरा, धन और कीमती वस्तुओं के वितरण सहित अवैध गतिविधियों और आचार संहिता के उल्लंघन के मामलों पर कड़ी नजर बनाए रखने और उच्चाधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए क्षेत्र की स्थिति से अवगत भी कराने का कहा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित