महराजगंज , अक्टूबर 15 -- उत्तर प्रदेश स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए पोलिंग पार्टियों और संबंधित अधिकारियों का प्रशिक्षण कलक्ट्रेट सभागार में हुआ।

जिलाधिकारी ने मतदान कार्य में लगे जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित पीठासीन अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें और स्वविवेक का इस्तेमाल करने से बचें। उन्होंने मतदाना के दौरान किसी भी ऐसे व्यवहार से बचने के विषय में निर्देशित किया जो चुनाव आयोग के निर्देशों और निष्पक्ष चुनाव के विपरीत हो।

उन्होने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यधिक संवेदनशील होता है और इसमें छोटी से गलती के भी गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इसलिए सभी अधिकारी अपने दायित्वों और कर्तव्यों को भलीभांति समझ लें। उन्होंने पीठासीन अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सुनिश्चित करें कि बूथ के भीतर कोई भी अनधिकृत व्यक्ति मोबाइल लेकर प्रवेश न करें। उन्होने कहा कि कोई भी पीठासीन या मतदान अधिकारी अपने साथ सहायक या प्रॉक्सी न लेकर आएं। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को मतदान के दौरान क्षेत्र में भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया।

मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सभी लोग प्रशिक्षण में बताए गए प्रत्येक बिंदु को अच्छी तरह समझ लें। अगर कहीं कोई शंका है तो उसका समाधान कर लें। उन्होंने मतदान के दौरान भी कहीं कोई समस्या होने पर पीठासीन अधिकारी पुस्तिका के निर्देशों के अनुसार कार्यवाही करें अथवा अपने वरिष्ठ अधिकारियों की अवगत कराएं। इससे पूर्व मास्टर ट्रेनर और परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी ने मतदान के दौरान जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित माइक्रो आब्जर्वर और पीठासीन अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय के दायित्वों और कर्तव्यों के विषय में विस्तार से अवगत कराया।

उन्होंने मतदान सामग्री, मतदेय स्थल के स्वरूप, प्रवेश हेतु अधिकृत व्यक्तियों, मतदान अभिकर्ता के कर्त्तव्य/दायित्व, मतदान पेटी को सील करने की प्रक्रिया सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी। जनपद में कुल 3605 मतदाता हैं, जिनके लिए 11 बूथ बनाए गये हैं। इस दौरान जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड प्रथम विनोद कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी आर.के. मिश्रा आदि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित