जोधपुर , मई 22 -- केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा है कि जोधपुर एवं फलोदी जिलों में कोई भी विद्यालय अथवा आंगनबाड़ी केंद्र विद्युत एवं शौचालय सुविधा से वंचित नहीं रहना चाहिए।

श्री शेखावत शुक्रवार को जोधपुर-फलोदी दिशा समिति की बैठक में शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को यह निर्देश दिए। बैठक में उठाए गए इस विषय के क्रम में जोधपुर लोकसभा क्षेत्र के राजकीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्यवाही प्रारंभ की गई है। श्री शेखावत के प्रयासों से प्राथमिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया गया है, जिससे लोकसभा क्षेत्र के कुल 149 विद्यालय लाभान्वित होंगे। शेरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सर्वाधिक 122 विद्यालयों में विद्युत कनेक्शन कार्य प्रस्तावित है, जिसके लिए लगभग 14.83 लाख रुपए की डिमांड राशि निर्धारित की गई है।

लूणी विधानसभा क्षेत्र के 26 विद्यालयों के लिए लगभग 1.44 लाख रुपए तथा जोधपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के 1 विद्यालय के लिए 6,400 रुपए की डिमांड राशि निर्धारित की गई है। 149 विद्यालयों के लिए लगभग 16.34 लाख रुपये की डिमांड राशि निर्धारित की गई है। विद्युत सुविधा उपलब्ध होने से विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्राप्त होगा तथा तकनीकी संसाधनों, पेयजल व्यवस्था, पंखों एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित