जयपुर , मई 17 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशाेक गहलोत ने कहा है कि जोधपुर में पेयजल को लेकर हालात भयावह होते जा रहे हैं और स्थिति लगभग जल-आपातकाल जैसी बन चुकी है।
श्री गहलोत ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पाेस्ट में कहा कि कायलाना तख्तसागर में मात्र दो दिन का पानी शेष बताया जा रहा है। करीब 20 लाख की आबादी वाला शहर प्यास के कगार पर खड़ा है और सरकार मौन है।
उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा सवाल यह है कि जलदाय विभाग अब तक क्या कर रहा था। क्या यह पूर्व तैयारी का अभाव नहीं है? क्या जल प्रबंधन की कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई। आज जब जल संकट सामने खड़ा है तो जवाबदेही कौन लेगा।
उन्होंने कहा कि जोधपुर के सांसद एवं भाजपा विधायकों को भी सरकार को वास्तविक स्थिति से अवगत करवाना चाहिए जिससे समस्या का समाधान हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित