रायपुर , अक्टूबर 20 -- भारतीय रेलवे की आगामी समय-सारणी को लेकर नवी मुंबई में आठ से 10 अक्टूबर के बीच आयोजित अंतर-रेलवे समय-सारणी समन्वय बैठक में जोधपुर से पुरी के बीच वाया कटनी-बिलासपुर नई साप्ताहिक ट्रेन चलाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। प्रस्तावित ट्रेन से राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के यात्रियों को सीधी रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिलने की उम्मीद है।

रेलवे अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि प्रस्ताव के अनुसार, ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को जोधपुर से शाम 16:50 बजे रवाना होकर रात 21:20 बजे जयपुर पहुंचेगी। अगले दिन शनिवार को भुवनेश्वर होते हुए शाम 18:45 बजे पुरी पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को सुबह 06:35 बजे पुरी से रवाना होगी। सुबह 07:50 बजे भुवनेश्वर और दोपहर 14:05 बजे जयपुर होते हुए रविवार शाम 19:15 बजे जोधपुर पहुंचेगी।

प्रस्तावित मार्ग में राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इनमें एमटीडी, डीएनए, एमकेएन, फुलेरा, जयपुर, दुर्गापुरा, बनस्थली निवाई, सवाई माधोपुर, सोगरिया, बारां, गुना, अशोकनगर, मुंगावली, सागर, दमोह, कटनी मुड़वारा, शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रा रोड, बिलासपुर और रायगढ़ शामिल हैं। इसके आगे ट्रेन झारसुगुड़ा रोड, संबलपुर, रैरखोल, अंगुल, तालचेर रोड, ढेंकनाल, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड होते हुए पुरी पहुंचेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित