जयपुर , जुलाई 16 -- राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को जोधपुर जिले में पंचायत समिति चामू की ग्राम पंचायत ठाडिया के ग्राम विकास अधिकारी रामनरेश मीना को साढ़े तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरप्तार किया।

ब्यूरो की अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव नें बताया कि एसीबी की जोधपुर ग्रामीण ईकाई को शिकायत मिली कि श्री मीना द्वारा परिवादी के पत्नी के नाम से पी.एम. आवास योजना में स्वीकृत मकान की तीसरी किस्त स्वीकृत करने एवं मकान का फोटो खींचने के एवज में साढ़े तीन हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही हैं।

इस पर रिश्वत मांग सत्यापन के दौरान परिवादी से श्री मीना द्वारा साढ़े तीन हजार रुपए की रिश्वत की मांग करना पाया गया। इसके बाद ब्यूरो टीम ने ट्रेप कार्रवाई करते हुए रामनरेश मीना को परिवादी से साढ़े तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

श्रीमती श्रीवास्तव एवं ब्यूरो की पुलिस महानिरीक्षक एस परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ एवं कार्यवाही जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित