जोधपुर , जुलाई 12 -- राजस्थान में जोधपुर एयरपोर्ट के नवनिर्मित टर्मिनल पर रविवार सुबह यात्रियों का आवागमन प्रारंभ हो गया।
केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने प्रथम उड़ान के यात्री चंद्रवीर सिंह को टिकट एवं स्वागत किट प्रदान कर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। प्रथम उड़ान से आने वाले सभी यात्रियों का राजस्थानी परंपरा के अनुरूप भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। लंगा-मांगणियार कलाकारों की मनमोहक लोक प्रस्तुतियों, ढोल-थाली की मंगलध्वनि तथा कुमकुम तिलक के साथ यात्रियों का अभिनंदन किया गया। इस अवसर को स्मरणीय बनाने के लिए श्री शेखावत ने यात्रियों के साथ केक काटकर गौरवपूर्ण क्षण का उत्सव भी मनाया।
इस अवसर पर श्री शेखावत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज पहली फ्लाइट से जाने वाले यात्रियों को जिस तरह खुशी हो रही है, जिस तरह वे इस एयरपोर्ट को देख रहे हैं, निहार रहे हैं, वह मानते हैं कि जोधपुर आने वाले और यहां से जाने वाले सभी लोगों के लिए यह एक अच्छा अनुभव होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प था कि केवल जोधपुर ही नहीं, बल्कि पूरे मारवाड़वासियों को यहां से लंबी उड़ानों की सुविधा मिले। हम सब लोग प्रयास करते रहे। अनेक तरह के उतार-चढ़ाव आए। जब जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का प्रधानमंत्री ने गत चार जुलाई को उद्घाटन किया, उस दिन हमने कहा था कि 12 जुलाई से यहां नियमित सेवाएं शुरू हो जायेगी। आज 12 तारीख को जोधपुर एयरपोर्ट पर आवागमन शुरू हो गया है।
श्री शेखावत ने कहा कि आज जोधपुर देश के लगभग सभी प्रमुख शहरों से जुड़ चुका है। शीतकालीन पर्यटन सीजन में जोधपुर सभी प्रमुख महानगरों से जुड़ा रहता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में, जिस प्रकार देश में हवाई जहाजों की संख्या बढ़ रही है, उसी प्रकार जोधपुर का संपर्क और भी अधिक बेहतर होगा।
उन्होंने कहा कि इस एयरपोर्ट को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि न्यूनतम परिवर्तन के साथ, जिस दिन आवश्यकता होगी, जिस दिन मांग बढ़ेगी और एयर कैरियर तैयार होंगे, उस दिन बहुत छोटे-से बदलाव के साथ इसे अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल में परिवर्तित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर विधायक अतुल भंसाली, एयरपोर्ट अथॉरिटी आफ इंडिया के अधिकारी , विभिन्न विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित