नयी दिल्ली , अक्टूबर 24 -- भारत ने जॉर्डन के कराक में एक चर्च पर शुक्रवार को हुए हमले की कड़ी निंदा की है।

विदेश मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि इस हमले में कई निर्दोष लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गये। भारत ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जतायी है और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है।

भारत ने कहा है कि वह इस मुश्किल समय में जॉर्डन की सरकार और वहां के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है। भारत ने आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ लड़ाई लड़ने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहरायी।

उल्लेखनीय है कि जॉर्डन के कराक में स्थित सेंट जॉर्ज ग्रीक ऑर्थोडॉक्स चर्च में शुक्रवार को अंतिम संस्कार की प्रार्थना के दौरान आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसमें 7 लोगों की मौत और 34 से अधिक के घायल होने की रिपोर्ट है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित