सिडनी , अक्टूबर 28 -- भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया विमेंस बिग बैश लीग (डब्ल्यूबीबीएल) में वापसी कर रही हैं। इस बार वह अपनी पिछली टीम मेलबर्न स्टार्स के बजाय ब्रिस्बेन हीट के लिए खेलेंगी।

विमेंस कैरेबियन प्रीमियर लीग में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के लिए खेलने वाली यास्तिका को जेस जॉनसन की जगह टीम में शामिल किया गया है। जेस जानसन हिप की समस्या के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। यास्तिका एक नवंबर को सिडनी में सिडनी थंडर के खिलाफ सीजन के दूसरे मैच से पहले टीम से जुड़ेंगी और पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगी। इस सीजन डब्ल्यूबीबीएल में शामिल होने वाली वह अब तक पहली भारतीय खिलाड़ी हैं। 25 वर्षीय यास्तिका चार टेस्ट, 28 वनडे और 26 टी-20 खेल चुकी हैं। उन्होंने डब्ल्यूबीबीएल 2024 में मेलबर्न स्टार्स के लिए छह मैच खेले थे। वह टीम की दूसरी सबसे ज़्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज थीं। उन्होंने 154 रन बनाए थे, जबकि मेग लैनिंग ने 158 रन बनाए थे। हालांकि, स्ट्राइक रेट के मामले में वह पीछे रहीं और उनके रन 104.76 के स्ट्राइक रेट से आए।

यास्तिका ऑस्ट्रेलिया में अब तक एक टेस्ट, तीन वनडे और दो टी-20 खेल चुकी हैं।

इंग्लैंड की स्पिनर सारा ग्लेन और आयरलैंड की ऑलराउंडर ओरला प्रेंडरगास्ट हीट की दो अन्य विदेशी खिलाड़ी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित