रांची , मार्च 25 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची पुलिस और ईडी विवाद मामले में हेमंत सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है।
श्री मरांडी ने आज कहा कि झारखंड हाई कोर्ट ने जिस दिन रांची पुलिस और ईडी विवाद मामले में सीबीआई जांच के आदेश दिए थे, तभी हमने अनुभव के आधार पर बताया था कि राज्य सरकार जांच रुकवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाएगी और गरीब जनता की गाढ़ी कमाई का करोड़ों रुपया महंगे नामी-गिरामी वकीलों पर लुटाएगी।
उन्होंने कहा कि जैसा मैंने अंदेशा जताया था, हुआ भी ठीक वैसा ही। राज्य सरकार ने सीबीआई जांच रुकवाने के लिए हाई कोर्ट के आदेश के विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट में अपील की है। हेमंत सोरेन जी के दिल्ली जाने का प्रायोजन भी यही था।
श्री मरांडी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जिस प्रकार साहिबगंज पत्थर घोटाला मामले में राजनीतिक संरक्षण के संकेतों को मानते हुए सीबीआई जांच के आदेश दिए थे, उसी तरह इस मामले में भी उम्मीद है कि हेमंत सरकार को निराशा ही हाथ लगेगी। चाहे हजारों करोड़ का पत्थर घोटाला हो या सबूत मिटाने की मंशा से किया गया ईडी दफ्तर पर छापेमारी का मामला... हेमंत जी को डर इस बात का है कि सीबीआई कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए उन तक ही पहुंचेगी।
श्री मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन झारखंड को लूटकर भ्रष्टाचार के अपराधों से इतने दब चुके हैं कि अब समय कोर्ट कचहरी के चक्कर काटते ही बीतने वाले हैं। राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कारवाई को लटकाने-भटकाने का कितना भी प्रयास कर ले, सच्चाई छुप नहीं सकती...।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित