जैसलमेर , अप्रैल 18 -- राजस्थान में जैसलमेर के मोहनगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार को सुबह घर में सो रहे पाकिस्तानी विस्थापित बुजुर्ग दंपती की हत्या कर दी गयी।

मृतकों की पहचान लाखाराम भील (80) और उनकी पत्नी रेशमा भील (75) के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया दोनों की गला घोंट कर हत्या की गयी है। महिला के पैरों से चांदी के कड़े गायब हैं। आशंका जताई जा रही है कि लूट के इरादे से पति-पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी गयी। भील जाति के दोनों बुजुर्ग पति पत्नी करीब 20 वर्ष पहले पाकिस्तान के रहीमयारखान जिले से आये थे और कुछ समय पहले ही इन्हें भारतीय नागरिकता मिली थी। दोनों बुजुर्ग दंपती के कोई संतान नहीं है। दोनों घर में अकेले ही थे। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अस्पताल के शवगृह में रखवाया। बाद में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिये गये।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि शनिवार सुबह लाखाराम की बहन का बेटा चंदाराम मिलने पहुंचा तो वहां दम्पती मृत मिले। उसने फौरन गांव वालों को बुलाया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि रेशमा के पैरों के चांदी के कड़े गायब हैं। घर के आस-पास कुछ पैरों के निशान भी मिले हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित